#प्रदेश

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक छत्तीसगढ़ दौरे पर, नक्सलवाद पर करेंगे हाई लेवल बैठक

Advertisement Carousel

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह शनिवार शाम 4:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद गृहमंत्री निजी होटल के लिए रवाना होंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

रविवार 8 फरवरी को गृहमंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे से लगातार कई अहम बैठकों में शामिल होंगे। दोपहर बाद शाम 5 बजे तक नक्सलवाद को लेकर हाई लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में वामपंथी उग्रवाद (LWE) और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

बैठकों के बाद शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक गृहमंत्री एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे निजी होटल में ही विश्राम करेंगे।

सोमवार 9 फरवरी को केंद्रीय गृहमंत्री विशेष विमान से रायपुर से मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से बस्तर पंडुम के कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 12:05 बजे से शाम 4 बजे तक बस्तर पंडुम के समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे शाम 4:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।