Accident : लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, टेंपो पलटने से तीन मासूम बच्चों समेत चार की मौत, पांच घायल
लखीमपुर ।जनपद के धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसंतापुर पुलिया के पास सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, ऊंचगांव (थाना खमरिया) निवासी सभी लोग रात करीब 12:45 बजे धौरहरा क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के कारण बसंतापुर पुलिया के समीप टेंपो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने खुशबू (12), अबू तालिब (5) और अजरा (2) को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में किस्मतुन (45), साकिया (20), सादिया (22), निदा (10), अकील (18) तथा टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30), सभी निवासी ऊंचगांव व रसूलपुर (थाना खमरिया) शामिल थे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान चालक जीशान की भी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




