#प्रदेश

Accident : रायपुर PWD ब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रक डिवाइडर से टकराया

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बनी। देर रात PWD ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के आगे के पहिए अलग हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने बताया कि ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक तेज गति में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दुर्घटना के बाद सड़क पर ट्रक और ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से फैल जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पांच पड़ी नाका ओवरब्रिज से लेकर रायपुरा ओवरब्रिज तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इससे आम नागरिकों, दफ्तर जाने वालों और आपात सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।

सूचना मिलने पर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया जा सका।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और सड़क किनारे खड़े वाहनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।