#राष्ट्रीय

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव, 118 सांसदों ने किया समर्थन

Advertisement Carousel

 

दिल्ली। लोकसभा में विपक्षी दलों ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ Rule 94(c) के तहत अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा महासचिव को सौंप दिया है। इस नोटिस पर कुल 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वाम दल, आरजेडी समेत लगभग सभी प्रमुख विपक्षी दल इस पहल में शामिल हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इससे दूरी बनाए रखी है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि इस प्रस्ताव पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं हैं, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा ने नोटिस पर दस्तख़त किए हैं।

कांग्रेस सांसद सुरेश कोडिकुन्निल, गौरव गोगोई और मोहम्मद जावेद नोटिस सौंपने के लिए लोकसभा महासचिव के कार्यालय पहुंचे।

क्यों लाया गया अविश्वास प्रस्ताव?

विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा स्पीकर ने सदन की कार्यवाही के दौरान पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर नहीं दिया।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि स्पीकर पद की गरिमा को ठेस पहुंची है और उन पर सरकार का दबाव साफ़ दिखाई देता है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री सदन में उपस्थित नहीं हुए और उसी के कारण स्पीकर को सफाई देनी पड़ी, जो सही नहीं है।

नोटिस में उठाए गए मुख्य आरोप

विपक्ष द्वारा सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में चार प्रमुख बिंदु शामिल हैं—

नेता विपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने की अनुमति नहीं दी गई।

विपक्ष के आठ सांसदों को निलंबित किया गया।

भाजपा सांसद को पूर्व प्रधानमंत्रियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने दी गईं।

स्पीकर द्वारा कांग्रेस सांसदों पर साजिश के आरोप लगाए गए।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लोकसभा स्पीकर इस नोटिस पर आगे क्या निर्णय लेते हैं।