#प्रदेश

CG Breaking : साय कैबिनेट के बड़े फैसले: बजट प्रस्ताव मंजूर, किसानों को होली से पहले 10 हजार करोड़ का भुगतान

Advertisement Carousel

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

1. राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी

मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी–मार्च 2026) के लिए माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप का अनुमोदन किया।

2. विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को स्वीकृति

वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में प्रस्तुत करने के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को कैबिनेट ने मंजूरी दी।

3. किसानों को होली से पहले अंतर राशि का भुगतान

कैबिनेट ने राज्य के किसानों को बड़ी राहत देते हुए समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का भुगतान होली पर्व से पहले एकमुश्त करने का निर्णय लिया है।

  • खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से

  • 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।

  • कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि होली से पहले किसानों को जारी की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक बताई जा रही है। बीते दो वर्षों में इस योजना के तहत किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष 10 हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त भुगतान के बाद कुल राशि लगभग 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी।