#प्रदेश

राजिम कुंभ कल्प में संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व विभाग का स्टॉल बना आकर्षण, छत्तीसगढ़ के दर्शनीय स्थलों की मिल रही जानकारी

Advertisement Carousel

राजिम । राजिम कुंभ कल्प मेला में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल मेलार्थियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन्हीं में पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व एवं धर्मस्व विभाग द्वारा लगाया गया स्टॉल विशेष रूप से भीड़ खींच रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक जानकारी प्राप्त करते नजर आ रहे हैं।

स्टॉल में विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों को प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसे मेलार्थी रुचि के साथ देख रहे हैं। इसके साथ ही राजिम, डोंगरगढ़, सोनाखान, चंद्रखुरी, रायपुर, दंतेवाड़ा सहित छत्तीसगढ़ के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों से संबंधित जानकारीपूर्ण बुकलेट मेलार्थियों को निःशुल्क वितरित की जा रही है।

इन बुकलेट्स में दर्शनीय स्थलों की दूरी, आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थल, ठहरने की सुविधाएं तथा यात्रा संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गई हैं। खास बात यह है कि बुकलेट में क्यूआर कोड (बारकोड) भी दिया गया है, जिसे स्कैन कर मेलार्थी अपने मनपसंद पर्यटन स्थल की विस्तृत जानकारी मोबाइल पर तुरंत प्राप्त कर रहे हैं।
पर्यटन विभाग के इस अभिनव प्रयास की मेलार्थियों द्वारा सराहना की जा रही है। कई दर्शानार्थियों का कहना है कि वे प्रतिवर्ष राजिम कुंभ कल्प का इंतजार करते हैं, क्योंकि यहां उन्हें पर्यटन विभाग के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों की उपयोगी जानकारी एक ही स्थान पर मिल जाती है।