नकली दवा मामले में बड़ा एक्शन: वायरल वीडियो के बाद सहायक औषधि नियंत्रक संजय नेताम निलंबित
रायपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद रायपुर में पदस्थ सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के संचालक द्वारा की गई है।
वायरल वीडियो में संजय कुमार नेताम कथित रूप से नकली दवाओं से जुड़े लोगों के साथ शहर के एक रेस्टोरेंट में बैठक करते दिखाई दे रहे थे। आरोप है कि वे विभागीय कार्रवाई से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलें भी उन्हें दिखा रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
इस घटनाक्रम के विरोध में एनएसयूआई ने तहसील कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से 5 लाख रुपये देने की पेशकश की और कहा कि यह राशि कथित भ्रष्टाचार छोड़ने के लिए है। साथ ही, हर माह 50 हजार रुपये देने की भी बात कही गई, ताकि नकली दवाओं के कारोबार में किसी भी प्रकार की मिलीभगत न हो।
एनएसयूआई ने सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वीडियो जैसे सबूत सामने आने के बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों की गई। बढ़ते दबाव के बीच लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, मंत्रालय ने आदेश जारी कर संजय कुमार नेताम को निलंबित कर दिया है।





