श्री राजीवलोचन मंदिर ट्रस्ट ने 13 फरवरी से भोजन भंडारे की शुरूआत, श्रद्धालुओं को मिलेगा निःशुल्क प्रसादी
राजिम। राजिम कल्प कुंभ में बाहर से आने वाले दर्शनार्थी और श्रद्धालुओं के लिए श्री राजीवलोचन मंदिर ट्रस्ट द्वारा 13 फरवरी से मंदिर प्रांगण में भोजन प्रसादी भंडारे की शुरुआत की जा रही है। ट्रस्ट कमेटी ने इस वर्ष संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालु भक्तों को निःशुल्क भोजन कराने का निर्णय लिया है।
भोजन भंडारा श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे। मंदिर प्रबंधक पुरुषोत्तम मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 15 दिवसीय राजिम कल्प कुंभ के दौरान सात दिवसीय संत समागम का आयोजन होता है। इस अवधि में दर्शनार्थियों की संख्या में अधिक होती है, जिससे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भोजन प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने आगे बताया कि आने वाले वर्षों में इस भंडारे को और अधिक दिनों तक संचालित करने तथा इसे वृहद रूप देने की भी योजना बनाई गई है।





