बांग्लादेश चुनाव 2026: BNP को बहुमत, तारिक रहमान की वापसी
ढाका। बांग्लादेश में गुरुवार को हुए 13वें संसदीय चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान (Tarique Rehman) की अगुवाई वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) प्रचंड जीत हासिल करती हुई नजर आ रही है।
रॉयटर्स ने एक स्थानीय टीवी के हवाले से कहा कि बीएनपी ने 300 सदस्यों वाली संसद में 151 सीटें जीत ली हैं जबकि कई अन्य सीटों पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
भारतीय समयानुसार बांग्लादेश में गुरुवार शाम 4 बजे मतदान समाप्त हुआ। चुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है। शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे आए अनुमानों के मुताबिक, बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 151 सीटें जीतीं, जबकि जमात के नेतृत्व वाले गठबंधन को 43 सीटें मिलीं।
350 में 299 सीटों पर हुआ मतदान
गुरुवार को हुए चुनाव में जातीय संसद की 299 सीटों के लिए मतदाताओं ने मतदान किया, जिसके लिए बहुमत का आंकड़ा 150 है। शेरपुर-3 निर्वाचन क्षेत्र में एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान रद कर दिया गया था। जातीय संसद में 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, और उनका चुनाव 300 सामान्य सीटों में दलों के प्रतिनिधित्व के आधार पर होता है।
बांग्लादेश में पहला ऐसा चुनाव
बांग्लादेश में ऐसा पहला आम चुनाव हो रहा है, जब अवामी लीग की प्रमुख शेख हसीना शामिल नहीं हैं और वह भारत में हैं। वहीं, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया, जिनका पिछले साल दिसंबर में निधन हो गया था। खालिदा जिया ने दशकों तक देश की राजनीति पर अपना दबदबा बनाए रखा था।




