#प्रदेश

कबाड़ से बना ‘काक भगौड़ा’ बना आकर्षण का केंद्र, समग्र शिक्षा स्टॉल पर बच्चों की लगी भीड़

Advertisement Carousel

राजिम। राजिम कुंभ कल्प के नवीन मेला मैदान में इस बार शिक्षा विभाग का स्टॉल भी खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा अभियान का स्टॉल लगाया गया है, जहां मेलार्थियों को सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

स्टॉल पर जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, सहायक शिक्षक संतोष साहू और व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ उपस्थित रहकर अभिभावकों को मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क गणवेश, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक सहित अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। सहायक शिक्षक संतोष साहू ने बताया कि स्टॉल लगाने का उद्देश्य पालकों को यह बताना है कि शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व माध्यमिक शाला पितईबंद में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यवसायिक पाठ्यक्रम के तहत मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे वे स्वावलंबी बन सकें।

वहीं स्टॉल पर कबाड़ से तैयार किया गया ‘काकभगौड़ा’ बच्चों के लिए सेल्फी प्वाइंट बन गया है। बच्चे उसके साथ फोटो खिंचवाकर आनंद ले रहे हैं। शिक्षा और रचनात्मकता के इस अनोखे संगम ने राजिम कुंभ कल्प में एक अलग ही रंग भर दिया है।