#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में फरवरी में ही 30 डिग्री पार, अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य में अब ठंड का असर कम होता जा रहा है। दिन के समय तेज धूप निकल रही है और दोपहर में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि सुबह और शाम केवल हल्की ठंड रह गई है।

 

फरवरी के मध्य में जहां पहले कड़ाके की ठंड पड़ती थी, इस बार मौसम अपेक्षाकृत गर्म नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 4-5 दिनों में प्रदेश के औसत तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर में तेज धूप के कारण लोग हल्के गर्म कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं।

वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। हालांकि यहां भी ठंड का प्रभाव पहले की तुलना में कम होता दिख रहा है।

अगले 7 दिनों का वेदर अपडेट

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव फिलहाल कमजोर है और उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं की तीव्रता भी कम हो गई है। इसी कारण रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं हो रही, जबकि दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

साफ आसमान और तेज धूप के चलते दोपहर में गर्मी का एहसास बढ़ रहा है। आने वाले 7 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रह सकता है।

कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ में सर्दी अब विदाई की ओर बढ़ती नजर आ रही है।