Breaking : भिवाड़ी में केमिकल फैक्टरी में भीषण आग, सात मजदूरों की दर्दनाक मौत
भिवाड़ी। भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निजी केमिकल फैक्टरी में भयंकर आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में सात मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पूरे इलाके में दुःख और आतंक का माहौल है।
मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
खबर के मुताबिक प्लॉट जी-1-118 बी में सुबह 9:22 बजे अचानक आग भड़क उठी। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही रीको फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंचे। आग इतनी तेज़ थी कि फैक्टरी के अंदर काम कर रहे मजदूर बाहर नहीं निकल पाए। राहत टीम को जो शव मिले, वे बुरी तरह झुलसे हुए थे और कुछ की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।
दमकल और बचाव दल की तुरंत कार्रवाई
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल विभाग की कई गाड़ियां और मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेर कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और अंदर फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार अभी भी दो लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने के कारणों की जांच
अभी तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थों को वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और फैक्टरी के सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की जाएगी। हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज बाधित हुआ है, और प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।





