परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले बंद होगा गेट, CGPSC ने जारी किए सख्त निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने आगामी परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयोग के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की मैनुअल जांच के साथ-साथ मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिस कर्मियों द्वारा तथा पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी।
परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल वे अभ्यर्थी जिन्होंने निर्धारित समय से पूर्व केंद्र में प्रवेश कर लिया होगा, वही परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
आयोग ने परीक्षा कक्ष में अनुचित साधनों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। अभ्यर्थी अपने साथ कोई कोरा या लिखा हुआ कागज, डिजिटल डायरी, पुस्तक, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या मैकेनिकल घड़ी, आईटी गैजेट्स, ब्लूटूथ डिवाइस, पेजर, कैलकुलेटर, मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते, किसी भी प्रकार का चश्मा, गॉगल्स या डिजिटल ग्लासेस नहीं ला सकेंगे।
अन्य परीक्षार्थियों से चर्चा करना, उत्तर पुस्तिका से नकल करना या किसी भी प्रकार से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने का प्रयास करना दंडनीय होगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी की परीक्षा निरस्त की जा सकती है, उसे परीक्षा से निष्कासित किया जा सकता है तथा भविष्य की परीक्षाओं और साक्षात्कारों से वंचित किया जा सकता है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को सह-लेखक (स्क्राइब) की सुविधा मेडिकल बोर्ड या सिविल सर्जन के प्रमाण-पत्र के आधार पर दी जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से पांच दिन पूर्व संबंधित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक 12 में संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।




