#प्रदेश

डागा कन्या महाविद्यालय के 38वें वार्षिक उत्सव में बिखरे संस्कृति के रंग

Advertisement Carousel

रायपुर। शनिवार को श्रीमती प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय का 38वाँ वार्षिकोत्सव रंग मंदिर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सुनील सोनी , विधायक रायपुर दक्षिण, पद्मश्री अनुज शर्माजी, विधायक धरसीवा तथा अध्यक्ष के रूप में अजय तिवारी , सचिव नरेश गुप्ता , श्री गोकुलदास डागा , गोवर्धन डागा एवं अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता घई द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें महाविद्यालय की शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और अन्य उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।


अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि 21वीं सदी महिलाओं की सदी है। समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता।
अतिथियों ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है। विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया । छात्राओं के विशेष अनुरोध पर पद्मश्री डॉ अनुज शर्मा जी द्वारा लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत किया गया है जिससे छात्राएं उत्साहित होकर नृत्य करने लगीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ बी.एससी. की छात्रा रिद्धिमा द्वारा आकर्षक गणेश वंदना से किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी समूह नृत्य “बारामासी” की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर निकिता कर्माकर ने “मोहे रंग दो लाल” गीत पर मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा छात्राओं द्वारा राजस्थानी, क्लासिकल, त्रिदेवी (महालक्ष्मी, महासरस्वती एवं महाकाली) नृत्य, नौ दुर्गा नृत्य, साउथ इंडियन डांस तथा गुजराती नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
साथ ही वेस्टर्न, पंजाबी एवं हरियाणवी नृत्यों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बाँध दिया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा सभी के सहयोग से महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव 2026 सफल रहा।