ओडिशा में सड़क हादसा: ट्रक ने पुलिस वैन से टक्कर मारी, 5 शहीद, 3 गंभीर घायल
अनुगुल। रविवार तड़के Jharsuguda में एक भीषण सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मी शहीद हो गए और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई जब ड्यूटी पर जा रही पुलिस की बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस वाहन ड्यूटी पर था और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में एपीआर जवान काशीराम भोई और देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन जवानों की हालत नाजुक
हादसे में दो एपीआर जवान और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस हादसे से पूरे जिले में शोक की लहर है। कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों को लेकर पुलिस महकमे और आम लोगों में गहरा दुख और संवेदना व्यक्त की जा रही है।





