मेक्सिको में उथल-पुथल: ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद हिंसा, संयुक्त राज्य अमेरिका ने जारी की एडवाइजरी
वॉशिंगटन। मेक्सिको के कुख्यात ड्रग सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क गई है। वह Jalisco New Generation Cartel (CJNG) का प्रमुख था। हालात बिगड़ते देख अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ यानी सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
हिंसा के चलते ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा जैसे प्रमुख शहरों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। प्यूर्टो वालार्टा में टैक्सी और राइड-शेयर सेवाएं बंद रहीं, जबकि कई कारोबारियों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान अस्थायी रूप से बंद कर दिए।
किन राज्यों में अलर्ट
अमेरिका ने खास तौर पर जलिस्को, तमाउलिपास, मिचोआकान, गुरेरो और न्यूवो लियोन में मौजूद अपने नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ से दूर रहने और गैर-जरूरी यात्रा टालने को कहा है।
सेना के ऑपरेशन में घायल, बाद में मौत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेक्सिको की सेना ने जलिस्को राज्य के तापाल्पा इलाके में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान एल मेंचो को घेर लिया था। मुठभेड़ में चार कार्टेल सदस्य मारे गए, जबकि एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस कार्रवाई में तीन सैनिक भी घायल हुए।
अमेरिका में था भारी इनाम
एल मेंचो की गिरफ्तारी की सूचना देने पर अमेरिका ने 15 मिलियन डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया था। उस पर अमेरिका में फेंटनिल समेत कई खतरनाक ड्रग्स की तस्करी का बड़ा नेटवर्क चलाने का आरोप था।
उसकी मौत के बाद कार्टेल से जुड़े संदिग्धों ने कई जगह बसों में आगजनी, सड़कों की नाकेबंदी और सुरक्षा बलों से झड़पें कीं, जिससे हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।




