#प्रदेश

कबीरधाम: 165 आदिवासी परिवारों ने हिन्दू धर्म में वापसी ,विधायक भावना बोहरा ने पांव पखारकर किया स्वागत

Advertisement Carousel

 

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्राम कुल्हीडोंगरी में आयोजित संस्कृति गौरव सम्मान एवं अभिनंदन समारोह के दौरान लगभग 165 आदिवासी परिवारों ने अपने मूल धर्म और परंपराओं की ओर लौटकर हिंदू धर्म में घर वापसी की।

कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा विधायक भावना बोहरा ने परंपरागत रूप से पांव पखारकर सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक पहल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक एकता और आत्मगौरव से जुड़ा एक बड़ा सामाजिक अभियान है।

विधायक ने बताया कि क्षेत्र में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और आदिवासी/वनवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं के प्रभाव से वनांचल क्षेत्रों में विकास और सकारात्मक बदलाव आया है।

इससे पहले, नेऊर क्षेत्र से 115, कुई कुकदुर क्षेत्र से 70, और ग्राम दमगढ़ से 50 लोग अपने सांस्कृतिक मूल से जुड़ चुके थे। कुल्हीडोंगरी में 165 लोगों की घर वापसी के बाद पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में अब तक 400 से अधिक आदिवासी नागरिक अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से पुनः जुड़ चुके हैं।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि उनका संकल्प है कि वनांचल का हर परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन से जुड़ा रहे। कुल्हीडोंगरी का यह आयोजन सांस्कृतिक आत्मविश्वास और विकास का प्रतीक है।