#अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर: 5600 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, कई शहरों में इमरजेंसी घोषित

Advertisement Carousel

 

इंटरनेशनल न्यूज़। अमेरिका इन दिनों भीषण बर्फीले तूफान की चपेट में है। सोमवार को Maryland से लेकर Maine तक भारी बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे ट्रांसपोर्ट, स्कूल और कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुए। लाखों लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।

10 साल का सबसे शक्तिशाली तूफान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले एक दशक में यह सबसे तेज तूफान है। मेट्रोपॉलिटन नॉर्थईस्ट के कई हिस्सों में 2 फीट (करीब 60 सेंटीमीटर) से अधिक बर्फ गिरी। बर्फबारी के चलते परिवहन व्यवस्था ठप हो गई और United Nations को भी सुरक्षा परिषद की बैठक टालनी पड़ी।

न्यूयॉर्क समेत कई शहरों में इमरजेंसी

अधिकारियों ने कई शहरों में आपातकाल घोषित कर दिया, जिनमें New York City भी शामिल है। यहां छह साल में पहली बार इतनी भारी बर्फबारी हुई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

हजारों उड़ानें रद्द

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के मुताबिक, सोमवार को अमेरिका आने-जाने वाली 5,600 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि मंगलवार की 2,000 से ज्यादा फ्लाइट्स पहले ही कैंसिल कर दी गईं।

सबसे ज्यादा असर New York, New Jersey और Boston के एयरपोर्ट्स पर पड़ा। करीब 2,500 उड़ानों में देरी हुई।

वहीं T.F. Green International Airport ने कुछ समय के लिए अपने सभी ऑपरेशन बंद कर दिए। यहां 32.8 इंच (83.3 सेंटीमीटर) बर्फ दर्ज की गई, जो 1978 का रिकॉर्ड तोड़ती है।

क्या है ‘बॉम्ब साइक्लोन’?

मौसम विभाग ने इस तूफान को नॉर्थईस्ट कोस्ट पर “क्लासिक बॉम्ब साइक्लोन” बताया है। बॉम्ब साइक्लोन तब बनता है जब 24 घंटे में किसी तूफान का वायुदाब तेजी से गिरता है। यह स्थिति आमतौर पर तब बनती है जब आर्कटिक की ठंडी हवा गर्म समुद्री हवाओं से टकराती है, जिससे बेहद शक्तिशाली तूफान पैदा होता है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सप्ताह के अंत तक एक और तूफान इस क्षेत्र में भारी बर्फबारी ला सकता है।