महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज में विशाल रोजगार मेले का आयोजन,मिला करियर मार्गदर्शन
रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज, रायपुर में आईसेक्ट,रायपुर के साथ मिलकर MoU के तहत एक विशाल रोजगार मेला का आयोजन किया। जिसका उद्देश्य विभिन्न महाविद्यालयों के यूजी और पीजी छात्रों को प्रमुख कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने विद्यार्थियों को विस्तृत करियर मार्गदर्शन प्रदान किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का समय ज्ञान के साथ-साथ कौशल-आधारित शिक्षा का है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने, तकनीकी दक्षता बढ़ाने और बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार रखने की सलाह दी। डॉ. मुखर्जी ने विभिन्न महाविद्यालयों से आये हुए छात्र –छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लेने तथा अपनी क्षमताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय परिवार की ओर से आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और बेहतर प्लेसमेंट के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
रोजगार मेले में 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने सक्रिय सहभागिता की। इनमें प्रमुख रूप से कैरियर बियॉन्ड कंसल्टेंसी, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, वेक्टर फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, सत्य माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड, टेक्नोटास्क बिजनेस सॉल्यूशन, स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज नया रायपुर, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, वीवो, पेटीएम, टीवीएस ट्रेनिंग एंड सर्विसेज (आईसीआईसीआई बैंक), फूड सेफ्टी मित्र (एफएसएम), एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस तथा एलक्सर कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड एवं अन्य कंपनियां शामिल रहीं। इन कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए, जिससे छात्रों को उत्कृष्ट रोजगार अवसर प्राप्त हुए। इस रोजगार मेले में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, महासमुंद सहित विभिन्न शहरों के महाविद्यालयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर कुल 500 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक संकायों से उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने बड़ी संख्या में साक्षात्कार प्रक्रिया में सहभागिता कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
यह रोजगार मेला महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ। इस आयोजन ने न केवल छात्रों को रोजगार के अवसरों से अवगत कराया, बल्कि उनके करियर को नई दिशा देने का कार्य भी किया।
प्लेसमेंट सेल, महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज और आईसेक्ट, रायपुर का यह संयुक्त प्रयास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय एवं महत्वपूर्ण कदम है।





