शादी के बाद तिरुपति बालाजी पहुंचे रश्मिका-विजय, लिया वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद
एंटरटेनमेंट न्यूज़। 26 फरवरी को रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने उदयपुर में शादी रचाई। विवाह के बाद यह नवविवाहित जोड़ा आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमाला पहाड़ियों पर स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचा, जहां उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर नए वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद लिया।
शादी के बाद उदयपुर से हैदराबाद लौटने के एक दिन बाद दोनों ने सुबह-सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना की। रश्मिका हरे और सुनहरे रंग की कांजीवरम साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने पारंपरिक सोने के आभूषण, मंगलसूत्र और गजरा धारण किया था। वहीं विजय सफेद कुर्ता और नारंगी शॉल में पारंपरिक अंदाज में दिखे। इस दौरान विजय के भाई आनंद देवरकोंडा भी उनके साथ मौजूद थे।
फैंस की उमड़ी भीड़
मंदिर के बाहर रश्मिका और विजय की एक झलक पाने के लिए फैंस की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तस्वीरें खिंचवाने की कोशिश की। कपल ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
देशभर में मिठाई और अन्नदान
शादी की खुशी को पूरे देश के साथ साझा करने के लिए कपल ने 1 मार्च को खास योजना बनाई। उन्होंने अलग-अलग शहरों में मिठाई भिजवाई और 16 मंदिरों में अन्नदान (मुफ्त भोजन) का आयोजन कराया। दोनों ने कहा कि भारत में हर खुशी मिठाई और भोजन के साथ मनाई जाती है और वे फैंस के प्यार के आभारी हैं।
हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन
रश्मिका और विजय की शादी तीन दिनों तक चली, जिसमें केवल परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए। समारोह में संदीप रेड्डी वांगा और कल्याणी प्रियदर्शन जैसी हस्तियां भी मौजूद रहीं। अब 4 मार्च को हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म जगत और अन्य क्षेत्रों की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।




