स्वच्छता सिर्फ सुविधा नहीं, विकसित और स्वस्थ समाज की बुनियाद है: शालू जिंदल

भुवनेश्वर। जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन एवं ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय (रायगढ़) की कुलाधिपति शालू जिंदल ने कहा कि सुलभ और गरिमापूर्ण स्वच्छता केवल एक नागरिक सुविधा नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और विकसित समाज की अनिवार्य बुनियाद है।
उन्होंने सामाजिक विकास में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वच्छता से नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होता है और सार्वजनिक स्वास्थ्य को मजबूती मिलती है।
सोमवार को शालू जिंदल ने भुवनेश्वर नगर निगम की मेयर सुलोचना दास के साथ मिलकर एक पूर्ण सुसज्जित, ट्रक-माउंटेड ‘मोबाइल सैनिटेशन यूनिट’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिंदल फाउंडेशन द्वारा प्रदान की गई यह इकाई शहर में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों, त्योहारों और बड़े आयोजनों के दौरान लोगों को आधुनिक और स्वच्छ शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर भुवनेश्वर नगर निगम की डिप्टी मेयर मंजुलता कन्हार, कमिश्नर रंजन राणा, एडिशनल कमिश्नर कैलाश चंद्र दास, स्वच्छता स्थायी समिति के प्रमुख बिरंची नारायण महासुपाकर सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जिंदल स्टील के प्रेसिडेंट एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस हेड प्रशांत होता भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करना और नागरिकों को गरिमापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर शालू जिंदल ने कहा,
“हमारा दृढ़ विश्वास है कि आम लोगों की स्वच्छता तक पहुंच एक स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। बढ़ते शहरीकरण और बड़े सार्वजनिक आयोजनों के मद्देनज़र स्वच्छता सुविधाओं की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। यह मोबाइल यूनिट भुवनेश्वर को एक स्वच्छ और आदर्श शहर बनाने की दिशा में हमारा एक सार्थक कदम है। हमें इस महत्वपूर्ण कार्य में भुवनेश्वर नगर निगम के साथ साझेदारी कर प्रसन्नता हो रही है।”
भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास ने जिंदल फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सैनिटेशन यूनिट बड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों और आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की साझेदारियां शहर के नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मोबाइल सैनिटेशन यूनिट की तकनीकी विशेषताएं
यह विशेष रूप से निर्मित ट्रक-माउंटेड सुविधा पुरुषों और महिलाओं दोनों की जरूरतों और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
पुरुष अनुभाग: एक वेस्टर्न टॉयलेट, एक इंडियन टॉयलेट, तीन यूरिनल और एक वॉश बेसिन।
महिला अनुभाग: दो इंडियन टॉयलेट, एक वेस्टर्न टॉयलेट और एक वॉश बेसिन।
सुविधा के निर्बाध संचालन के लिए इसमें डीजल जनरेटर लगाया गया है। स्वच्छता और वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अनुभाग में कई एग्जॉस्ट फैन भी लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। समापन अवसर पर जिंदल स्टील के सीएसआर हेड ऋषि पठासनिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।





