नेपाल चुनाव में बड़ा उलटफेर, बालेन शाह की पार्टी आगे; ओली, देउबा और प्रचंड कड़ी टक्कर में

काठमांडू। नेपाल में 5 मार्च 2026 को हुए आम चुनाव के नतीजों ने देश की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। 6 मार्च की सुबह से जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में काठमांडू के मेयर बालेंद्र यानी बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) बढ़त बनाती नजर आ रही है।
ताजा रुझानों के अनुसार बालेन शाह की पार्टी करीब 52 सीटों पर आगे चल रही है और एक सीट पर जीत भी दर्ज कर चुकी है। इस चुनाव में खास तौर पर युवाओं और जेन-Z मतदाताओं का समर्थन नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है।
वहीं नेपाल की पारंपरिक राजनीति के कई बड़े नेता इस बार कड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली अपनी झापा सीट पर पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा नेपाली कांग्रेस के नेता गगन थापा, शेर बहादुर देउबा और माओवादी केंद्र के प्रमुख पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ भी कड़े मुकाबले में फंसे हुए हैं।
शुरुआती रुझानों में वामपंथी दलों, खासकर सीपीएन-यूएमएल और माओवादी केंद्र का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर दिखाई दे रहा है।
नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 138 सीटों का बहुमत जरूरी होता है। यहां मिश्रित चुनाव प्रणाली लागू है, जिसमें 165 सीटें प्रत्यक्ष चुनाव के जरिए और 110 सीटें आनुपातिक प्रतिनिधित्व के आधार पर तय होती हैं।





