अब खोया लगेज ढूंढना होगा आसान: गूगल का नया फीचर एयरलाइन को बताएगा बैग की सटीक लोकेशन

नई दिल्ली। हवाई यात्रा के दौरान सामान खो जाना या गलत जगह पहुंच जाना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। इस समस्या को कम करने के लिए गूगल ने अपने “फाइंड हब” प्लेटफॉर्म में एक नया फीचर जोड़ा है, जिसकी मदद से यात्री अपने खोए हुए बैग की लाइव लोकेशन सीधे एयरलाइन के साथ साझा कर सकेंगे।
इस नए फीचर का नाम “शेयर आइटम लोकेशन” है। इसके जरिए यात्री अपने ट्रैकर से जुड़े बैग की लोकेशन का एक सुरक्षित लिंक बनाकर एयरलाइन को भेज सकते हैं। इससे एयरलाइन को बैग ढूंढने में ज्यादा सटीक जानकारी मिलती है और यात्रियों को बार-बार अपडेट लेने की जरूरत भी कम हो जाती है।
इस फीचर का उपयोग करने के लिए यात्री को अपने एंड्रॉइड स्मार्टफोन में फाइंड हब एप इंस्टॉल करना होगा और बैग में फाइंड हब सपोर्ट करने वाला ट्रैकर लगाना होगा। जब बैग खो जाता है, तो यात्री एप में जाकर “शेयर आइटम लोकेशन” विकल्प चुन सकता है। इसके बाद एप एक यूनिक और सुरक्षित लिंक तैयार करता है, जिसे एयरलाइन के लॉस्ट बैगेज फॉर्म, एप या वेबसाइट पर साझा किया जा सकता है।
गूगल ने इस फीचर को कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के साथ जोड़ने के लिए साझेदारी की है। इनमें एयर इंडिया, एजेट, चाइना एयरलाइंस, लुफ्थांसा ग्रुप, सऊदी एयरलाइंस, स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस और टर्किश एयरलाइंस शामिल हैं। आने वाले समय में क्वांटास एयरलाइंस में भी यह सुविधा शुरू होने की संभावना है।
सुरक्षा के लिहाज से गूगल का कहना है कि इस फीचर में यूजर की प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा गया है। लोकेशन डेटा एन्क्रिप्टेड रहता है, लिंक केवल यूजर की अनुमति से ही शेयर किया जाता है और यह लिंक करीब सात दिनों बाद अपने-आप एक्सपायर हो जाता है। साथ ही जैसे ही बैग यूजर के पास वापस आ जाता है, लोकेशन शेयरिंग अपने आप बंद हो जाती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फीचर हवाई यात्रा में खोने वाले सामान की समस्या को कम करने और स्मार्ट लगेज ट्रैकिंग सिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।





