#प्रदेश #राष्ट्रीय

अरुणाचल में जंगल की आग बुझाने उतरी वायुसेना, हेलीकॉप्टर से गिराया 66 हजार लीटर पानी

Advertisement Carousel

पासीघाट। भारतीय वायु सेना (IAF) ने अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट इलाके में लगी भीषण जंगल की आग पर काबू पाने के लिए बड़ा अभियान चलाया। आग बुझाने के लिए वायुसेना ने Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर तैनात किया और कई उड़ानों के दौरान करीब 66,000 लीटर पानी जंगल में गिराया।

वायुसेना के अनुसार, पासीघाट के मेबो और सिगार क्षेत्रों में लगी आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में तुरंत कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर के जरिए पानी गिराकर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, ताकि आसपास की बस्तियों को नुकसान से बचाया जा सके।

आईएएफ ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) पोस्ट में इस ऑपरेशन की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए हैं। पोस्ट में बताया गया कि इस अभियान के दौरान वायुसेना ने तुरंत प्रतिक्रिया और सटीक ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन किया।

इससे पहले 18 फरवरी को भी भारतीय वायु सेना ने पूर्वोत्तर के दुर्गम इलाकों में लगी जंगल की आग से निपटने के लिए हेलीकॉप्टरों की मदद ली थी। उस समय वालॉन्ग क्षेत्र में आग बुझाने के लिए करीब 1,39,800 लीटर पानी गिराया गया था।

वहीं हाल ही में 8 मार्च 2026 को भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना ने टिहरी झील, उत्तराखंड के ऊपर संयुक्त अभ्यास भी किया। इस अभ्यास में कॉम्बैट फ्री-फॉल और स्टैटिक लाइन पैरा-ड्रॉप के जरिए दोनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया गया।