CG Assembely Budget Session : चूहों से धान खाने के मुद्दे पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस विधायक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन काफी हंगामेदार रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही धान खरीदी से जुड़ा मुद्दा जोर-शोर से उठा। विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने इस मामले में चर्चा की मांग की, लेकिन सभापति द्वारा स्थगन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने पर सदन में तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।
विपक्ष के नेता चरणदास महंत ने कहा कि जितनी मात्रा में धान चूहों द्वारा खाए जाने की बात कही जा रही है, उसके लिए लगभग 60 करोड़ चूहे चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतने चूहे कहां से आए और क्या वे 22 लाख क्विंटल धान खा सकते हैं।
वहीं कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ये चूहे मंत्रालय में तो नहीं बैठे हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि 4600 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए चूहों को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने आसंदी से इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव स्वीकार कर चर्चा कराने की मांग की।
हालांकि सभापति ने स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस के विधायक सदन के गर्भगृह (वेल) में पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। उन्होंने “मुस्वा को बदनाम करना बंद करो” और “दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करो” जैसे नारे लगाए।
हंगामे के बीच सदन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभापति ने कांग्रेस के सभी विधायकों को निलंबित कर दिया और उन्हें सदन से बाहर जाने के निर्देश दिए।





