#प्रदेश

सरकारी अधिकारी की पत्नी के साथ दुष्कर्म का मामला , रायपुर के कारोबारी ने रखा था बंधक बनाकर

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरकारी अधिकारी की पत्नी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्वर्णभूमि सोसायटी में रहने वाले कारोबारी ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 8 मार्च को आरोपी गोपाल गोयल ने उसे अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया था। इसके बाद उसने महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी तरह महिला आरोपी के चंगुल से निकलने में सफल रही और सीधे थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने स्वर्णभूमि सोसायटी में दबिश देकर आरोपी गोपाल गोयल को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी सेकेंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करता है और उसी सोसायटी में रहता है।

रेप और एट्रोसिटी एक्ट के तहत केस दर्ज
सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता का कराया गया मेडिकल परीक्षण
घटना के बाद पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है और उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।