Big News.स्पंज आयरन प्लांट में बड़ा हादसा, खौलता लोहा गिरने से 4 मजदूर झुलसे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक स्पंज आयरन प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के फर्नेस सेक्शन में काम के दौरान अचानक पिघला हुआ लोहा मजदूरों पर गिर गया, जिससे चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
यह घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब एक बजे शिफ्ट बदलने के बाद मजदूर फर्नेस में पिघले हुए आयरन को लैडल में डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खौलता हुआ लोहा उन पर गिर पड़ा।
हादसे में ग्राम भैंसबोड़ निवासी नरेंद्र कोसले, चंद्रहास, बिहार के धर्मवीर और विनय कुमार झुलस गए। गर्मी और पिघले लोहे की चपेट में आने से चारों मजदूर वहीं गिर पड़े।
साथी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और प्लांट में मौजूद अधिकारी की कार से प्रताप चौक स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी मजदूर 25 से 40 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनका इलाज जारी है।
घायलों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन की ओर से उन्हें पर्याप्त सुरक्षा किट नहीं दी गई थी और बिना सुरक्षा के ही काम कराया जा रहा था।इधर घटना के बाद पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




