CG Budget Session 2026 : अपने ही विधायक के सवालों में घिरे स्वास्थ्य मंत्री, भुगतान न होने के मुद्दे पर नहीं दे पाए स्पष्ट जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के नौवें दिन प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा मुद्दा गरमा गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपनी ही पार्टी की विधायक लता उसेंडी के सवालों में घिरते नजर आए।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक लता उसेंडी ने स्वास्थ्य विभाग में कराए गए कार्यों का भुगतान नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर काम पूरा हो चुका है, लेकिन ठेकेदारों को अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
लता उसेंडी ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी कभी मौखिक वर्क ऑर्डर के आधार पर भुगतान कर देते हैं, तो कभी उसी आधार पर भुगतान करने से इनकार कर देते हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि जो अधिकारी मंत्री को गलत जानकारी दे रहे हैं, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।
विधायक ने याद दिलाया कि करीब नौ महीने पहले इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस मुद्दे पर विपक्ष ने भी सरकार को घेरते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मंत्री से स्पष्ट जवाब देने की मांग की।



