Budget session 2026 : छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षक की कमी, सदन में मंत्री ने मानी व्यवस्था अधूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक अहम खुलासा सामने आया है। राज्य के कई स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात का निर्धारित नियम अभी तक पूरी तरह लागू नहीं हो पाया है। इस बात को स्वयं राज्य के शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav ने विधानसभा में स्वीकार किया।
विधानसभा में ध्यानाकर्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि नियम के अनुसार हर 30 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक होना चाहिए, लेकिन प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में यह मानक फिलहाल पूरी तरह लागू नहीं हो सका है।
यह मुद्दा कांग्रेस विधायक Raghavendra Singh ने सदन में उठाया था। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या राज्य के हर स्कूल में शिक्षक-छात्र अनुपात के नियम का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और क्या इसके लिए नई शिक्षक भर्ती की जाएगी।
इस पर मंत्री Gajendra Yadav ने जवाब देते हुए कहा कि अभी सभी स्कूलों में निर्धारित मानक पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि सरकार इस दिशा में सुधार के लिए प्रयास कर रही है और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री के इस बयान के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या आने वाले समय में सरकारी स्कूलों में नई शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था मिल सके।





