#प्रदेश

Breaking News: EV चार्जिंग के दौरान मौत का विस्फोट: इंदौर में आग का तांडव, 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Advertisement Carousel

इंदौर । एक तरफ जहां दुनिया भविष्य के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) की ओर बढ़ रही है, वहीं एक भयानक हादसे ने सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात इंदौर में चार्जिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक गाड़ी में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि घर में रखे एक के बाद एक कई गैस सिलेंडर बम की तरह फट पड़े। इस दिल दहला देने वाले हादसे में परिवार के 7 सदस्यों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई।

 

दरअसल, पूरा मामला इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स रिहायशी इलाके का है। जहां एक घर में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है, जबकि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। घटना को लेकर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एक इलेक्ट्रिक गाड़ी की चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका सामने आया है।

गाड़ी के चार्जिंग प्वाइंट पर विस्फोट

घर के बाहर चार्ज हो रही गाड़ी के चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलते हुए पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि घर के अंदर 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से कुछ में धमाका हो गया, जिससे आग और भी भड़क गई। इसके अलावा मकान में ज्वलनशील केमिकल भी मौजूद थे, जिसने आग को और भयावह बना दिया।

 

जानकारी अनुसार यह मकान मनोज पुगलिया का बताया जा रहा है, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे। हादसे के वक्त घर में कई लोग मौजूद थे, जिन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में जान गंवाने वालों में मनोज पुगलिया (मकान मालिक), सिमरन, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि और छोटू सेठिया शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया

रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों सौरभ, सुनीता और सोनिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। घायलों का इलाज जारी है। यह हादसा इतना अचानक और भीषण था कि देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में घिर गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।