पश्चिम एशिया संकट: पीएम मोदी ने 24 घंटे में चार देशों के नेताओं से की वार्ता

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक कूटनीतिक पहल तेज कर दी है। 24 घंटे के भीतर उन्होंने फ्रांस, मलयेशिया, ओमान और कुवैत के शीर्ष नेताओं से बातचीत की। इन वार्ताओं में क्षेत्रीय संकट, शांति बहाली और संवाद के जरिए तनाव कम करने पर जोर दिया गया।
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत में पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए संवाद और कूटनीति को आवश्यक बताया और भविष्य में करीबी समन्वय जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मलयेशिया के पीएम से चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से भी फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने हरि राया ऐदिलफित्री की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने के लिए साझा प्रतिबद्धता जताई।
ओमान के सुल्तान से संवाद
ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भाई कहकर संबोधित किया और ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। वार्ता में दोनों नेताओं ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने और शांति बहाल करने पर सहमति जताई।
पीएम मोदी ने हमले की निंदा की
प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की कड़ी निंदा की और संकट के दौरान भारतीय नागरिकों समेत हजारों लोगों की सुरक्षित वापसी में ओमान की भूमिका की सराहना की। दोनों देशों ने होरमुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और निर्बाध समुद्री आवागमन के महत्व पर भी जोर दिया।
कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात
पीएम मोदी ने बुधवार को कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कुवैत में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई के लिए उनके निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और क्षेत्रीय शांति बनाए रखने पर सहमति जताई।





