#प्रदेश

सेप्टिक टैंक में तीन मौतें : अस्पताल प्रबंधन ने दिया 30-30 लाख मुआवजा,आश्रितों को हर महीने मिलेंगे 20 हजार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अस्पताल परिसर के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान उसमें उतरे तीन श्रमिकों की जहरीली गैस के कारण मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन तुरंत हरकत में आया।

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जिम्मेदारी लेते हुए मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की, जिसका चेक बुधवार को परिजनों को सौंप दिया गया। इसके साथ ही मृतकों के आश्रितों को आजीवन हर माह 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया गया है।

अस्पताल प्रबंधन ने यह भी कहा है कि मृतकों के परिवार के सदस्यों को अस्पताल में आजीवन मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी और बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च भी उठाया जाएगा। प्रबंधन के अनुसार, अंतिम संस्कार के बाद परिजनों को अन्य घोषणाओं से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

इधर, पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है। जानकारी के मुताबिक, सेप्टिक टैंक की सफाई का काम ठेके पर दिया गया था, जिसके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

यह हादसा एक बार फिर से सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।