#प्रदेश

आयुष्मान योजना पर सवाल: रायपुर के बड़े अस्पतालों को नोटिस, इलाज से इनकार का आरोप

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयुष्मान योजना को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सरकार जहां इस योजना को सफल बता रही है, वहीं शहर के कुछ नामी निजी अस्पतालों पर योजना के तहत मरीजों का इलाज करने से इनकार करने के आरोप लगे हैं। शिकायतों के आधार पर सरकार ने संबंधित अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, श्री नारायणा हॉस्पिटल और बालगोपाल हॉस्पिटल समेत कई अस्पतालों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों के आधार पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है, वहीं कुछ मामलों में जांच भी जारी है।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने सरकार से आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन को लेकर कई सवाल पूछे। उन्होंने प्रदेश में कार्डधारियों की संख्या, इलाज पाने वाले हितग्राहियों, खर्च की गई राशि, लंबित भुगतान और प्राप्त शिकायतों की जानकारी मांगी।

मंत्री ने बताया कि राज्य में लगभग 2.47 करोड़ आयुष्मान कार्डधारी हैं। वर्ष 2024 से 2026 के बीच 22,59,995 मरीजों का योजना के तहत उपचार किया गया है। योजना में केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत खर्च वहन करती है।

उन्होंने यह भी बताया कि योजना से जुड़े अस्पतालों के खिलाफ कुल 31 शिकायतें मिली हैं, जिन पर कार्रवाई की गई है। कई अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है और कुछ के खिलाफ जांच प्रक्रिया जारी है।

इस मामले ने आयुष्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निजी अस्पतालों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।