#Business

जोमैटो ने फिर बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, हर ऑर्डर पर अब देना होगा ज्यादा शुल्क

Advertisement Carousel

दिल्ली। Zomato ने अपने ग्राहकों के लिए प्लेटफॉर्म फीस में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के ऐप पर उपलब्ध नई बिलिंग जानकारी के अनुसार, अब हर ऑर्डर पर लगने वाली प्लेटफॉर्म फीस ₹12.50 से बढ़ाकर ₹14.90 (प्री-जीएसटी) कर दी गई है। यानी प्रति ऑर्डर ₹2.40 या लगभग 19.2% की वृद्धि हुई है।

यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब एलपीजी और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण रेस्टोरेंट्स और डिलीवरी सेवाओं की लागत लगातार बढ़ रही है। बढ़ते खर्च को संतुलित करने के लिए फूड डिलीवरी कंपनियां अपने शुल्क में बदलाव कर रही हैं।

इससे पहले भी कंपनी कई बार प्लेटफॉर्म फीस में संशोधन कर चुकी है। अगस्त 2023 में ₹2 प्रति ऑर्डर से शुरुआत हुई थी, जिसे बाद में धीरे-धीरे बढ़ाया गया। फरवरी 2025 में यह ₹6 से बढ़ाकर ₹10 कर दी गई थी और सितंबर 2025 में भी इसमें बदलाव किया गया था।

प्रतिस्पर्धा की बात करें तो Swiggy फिलहाल लगभग ₹14.99 (टैक्स सहित) प्रति ऑर्डर प्लेटफॉर्म फीस ले रहा है, जिससे दोनों कंपनियों के बीच मुकाबला बना हुआ है।

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें तो Eternal Limited (पूर्व में जोमैटो) ने दिसंबर तिमाही में ₹102 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले साल के ₹59 करोड़ के मुकाबले करीब 72.88% अधिक है। वहीं, कंपनी का राजस्व भी बढ़कर ₹16,315 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले ₹5,405 करोड़ था।

हालांकि, कंपनी की आय में वृद्धि के साथ-साथ खर्चों में भी तेजी आई है, जिसके चलते ऐसे शुल्क बढ़ोतरी के फैसले देखने को मिल रहे हैं।