#प्रदेश

AK-47 के साथ कुख्यात नक्सली पापाराव का सरेंडर, बस्तर में 18 उग्रवादियों ने डाले हथियार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक बड़ी सफलता सामने आई है। कुख्यात नक्सली लीडर पापाराव ने मंगलवार को AK-47 जैसे आधुनिक हथियार के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। उसके साथ कुल 18 नक्सलियों ने भी पुलिस के सामने हथियार डाल दिए, जिनमें 11 पुरुष और 7 महिला सदस्य शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इन नक्सलियों के पास 8 AK-47 समेत कई अन्य हथियार भी थे। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। 25 मार्च को जगदलपुर में बस्तर आईजी सुंदरराज पी के सामने सरेंडर की औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा के शामिल होने की भी उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि नक्सली कई किलोमीटर जंगल के रास्ते पैदल चलकर बीजापुर पहुंचे, जहां से उन्हें बस के जरिए जगदलपुर लाया गया। पापाराव को नक्सल संगठन का बड़ा रणनीतिकार माना जाता है, जो वेस्ट बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) का सदस्य रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह कई बड़े नक्सली हमलों में शामिल रहा है, जिनमें कुटरू-बेदरे रोड पर हुआ आईईडी ब्लास्ट भी शामिल है, जिसमें आठ जवान शहीद हुए थे। एंबुश प्लानिंग और सुरक्षाबलों पर हमलों की रणनीति बनाने में उसकी अहम भूमिका रही है।

गौरतलब है कि पापाराव पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि उसके आत्मसमर्पण के साथ राज्य में बड़े कैडर का कोई नक्सली नहीं बचा है और यह नक्सलवाद के अंत की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।