#प्रदेश

माता कौशल्या महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, पहले दिन श्रद्धा और संस्कृति की झलक

Advertisement Carousel

 

रायपुर।ग्राम चंदखुरी (जिला रायपुर) स्थित पावन माता कौशल्या मंदिर परिसर में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस महोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिली। महोत्सव का दूसरा दिन कल भी विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3:00 बजे मानस मंडलियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों के साथ हुआ। प्रथम दिवस पर तीन मानस मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

सायं 6:00 बजे अतिथियों ने मंदिर पहुंचकर माता कौशल्या के दर्शन, पूजन एवं आरती की। इसके पश्चात अतिथियों ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा मुख्य मंच पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं राजगीत के साथ औपचारिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गुरु खुशवंत साहेब (मंत्री, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास) उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सुश्री मोना सेन (अध्यक्ष, फिल्म विकास निगम) ने की।
संचालक संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन श्री विवेक आचार्य ने स्वागत उद्बोधन के साथ प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया। मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहब जी और अध्यक्ष छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम सुश्री मोना सेन ने अपने उद्बोधन में माता कौशल्या की महिमा, छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा लोक परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहब ने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण बताया।

रात्रि 8:00 बजे ‘रंग छत्तीसा’ के अंतर्गत श्रीमती पूनम विराट तिवारी, छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ प्रथम दिवस का समापन हुआ। कल महोत्सव का दूसरा दिन समापन दिवस भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा।