#राष्ट्रीय

ईरान ने खोला होर्मुज मार्ग: भारत को तेल सप्लाई में राहत, वैश्विक तनाव के बीच बड़ा कदम

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान ने बड़ा फैसला लिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने घोषणा की है कि भारत सहित कुछ देशों के जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

ईरान ने जिन देशों को राहत दी है, उनमें भारत के अलावा चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान भी शामिल हैं। हालांकि, सभी जहाजों को इस मार्ग से गुजरने से पहले ईरानी अधिकारियों के साथ समन्वय करना अनिवार्य होगा।

ऊर्जा संकट पर मिल सकती है राहत

यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब इस अहम समुद्री मार्ग को लेकर वैश्विक चिंता बढ़ रही थी। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे बड़े तेल परिवहन मार्गों में से एक है। इसके बाधित होने से तेल की कीमतों में भारी उछाल और सप्लाई में कमी आ सकती थी, खासकर भारत जैसे आयात-निर्भर देशों के लिए।

संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

इस मुद्दे पर एंटोनियो गुटेरेस ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बाधित होने से तेल, गैस और उर्वरक की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और कृषि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

उन्होंने अमेरिका और इजराइल से संघर्ष को जल्द समाप्त करने की अपील की, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। साथ ही ईरान से भी क्षेत्रीय तनाव कम करने का आग्रह किया।

भारत के लिए राहत भरी खबर

ईरान के इस फैसले से भारत को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि देश का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल का आयात इसी मार्ग से होता है। अगर यह रास्ता बंद होता, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी तय थी।

अब, सख्त नियमों और पूर्व अनुमति के साथ जहाजों की आवाजाही जारी रहने से ऊर्जा आपूर्ति स्थिर रहने की उम्मीद जताई जा रही है।