#प्रदेश

Accident Breaking : छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा, बस-पिकअप की टक्कर में 10 की मौत, कई गंभीर घायल

Advertisement Carousel

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उमरानाला क्षेत्र में एक यात्री बस और लहसुन से भरी पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रशासन के अनुसार, बस में करीब 47 यात्री सवार थे। ये सभी चौरई तहसील में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। शाम लगभग 6:30 बजे सिमरिया के पास बस एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच से अधिक घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के निशुल्क इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।