तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: ऑटो को मारी टक्कर, 5 की मौत, 4 गंभीर घायल

ग्वालियर। ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह करीब 3 बजे बस स्टैंड के पास परशुराम चौराहे पर हुआ।
जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो उछलकर पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मार चुकी थी और पुलिस से बचने के दौरान उसने ऑटो को टक्कर मार दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




