#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में पुलिस अफसरों का सबसे बड़ा बैच पास आउट,चंदखुरी अकादमी में 859 प्रशिक्षुओं ने ली शपथ

Advertisement Carousel

० सीएम ने दी जिम्मेदारी निभाने की सीख

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग को अब तक का सबसे बड़ा बैच मिला है। चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के साथ 859 प्रशिक्षु अफसरों ने प्रशिक्षण पूरा कर लिया।

इस बैच में 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 2 उप निरीक्षक (कंप्यूटर), 1 उप निरीक्षक (रेडियो), 1 उप निरीक्षक (अंगुली चिन्ह), 68 उप निरीक्षक (एसबी) और 205 प्लाटून कमांडर शामिल हैं। ये सभी अधिकारी जल्द ही फील्ड में अपनी सेवाएं देंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत प्रतिष्ठित और जिम्मेदारीपूर्ण होती है, जिसका आधार सत्यनिष्ठा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा, विकास और विश्वास के तीन स्तंभों पर काम कर रही है, जिसमें पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस को केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज से जुड़कर लोगों का भरोसा जीतना चाहिए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी सभी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि यह नया बैच पुलिस बल को और मजबूत करेगा।

समारोह में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन भी उपस्थित रहे।