Breaking : नालंदा मंदिर में भगदड़,शीतला अष्टमी पर मातम, 8 श्रद्धालुओं की मौत

० राष्ट्रपति दौरे के बीच मघड़ा मंदिर में अफरा-तफरी,कई घायल; अफवाह बनी हादसे की वजह
नालंदा। बिहारशरीफ के मघड़ा स्थित माता शीतला मंदिर में मंगलवार को शीतला अष्टमी के अवसर पर भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि चैत माह के अंतिम मंगलवार के कारण सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान किसी अफवाह के फैलते ही स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े और एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए, जिससे कई लोगों की कुचलकर मौत हो गई।
घटना के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गए हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि उसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नालंदा दौरा प्रस्तावित था, जिसके चलते प्रशासनिक अमला अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त था। घटना के बाद परिजन अपने लापता सदस्यों की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।





