रायपुर में बदला मौसम का मिजाज, बादल छाए, हल्की बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में बादल छाने लगे हैं और मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर आज हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। कुछ इलाकों में अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बदलाव आने वाले कुछ दिनों तक जारी रहेगा और 4 अप्रैल तक ऐसे ही हालात बने रहने की उम्मीद है। बारिश और बादलों की वजह से दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी।
सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.9 डिग्री अधिक है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर बस्तर और बिलासपुर में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ उत्तर भारत से मध्य भारत होते हुए छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका और अन्य चक्रीय परिसंचरण के कारण यह मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है। इन सभी सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश में बादल, बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है।




