#प्रदेश

Big News : चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका, जांच में जुटीं एजेंसियां

Advertisement Carousel

चंडीगढ़। शहर में बुधवार शाम करीब 5 बजे बीजेपी के पंजाब कार्यालय के बाहर हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में ग्रेनेड जैसे विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद केंद्रीय और राज्य की कई एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पास में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और इमारत की दीवारों पर छर्रों के निशान पाए गए। मौके से सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति विस्फोटक फेंककर भागता नजर आया है।

पुलिस ने आसपास के कैमरों की जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान की गई है। उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल इकट्ठा किए हैं। शहरभर में नाकाबंदी कर चेकिंग बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह किसी क्रूड विस्फोटक का मामला हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।

इस बीच, एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है।

राजनीतिक नेताओं ने घटना पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।