#अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बाद ईरान का मिसाइल हमला, मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर

Advertisement Carousel

 

इंटरनेशनल न्यूज़। मध्य पूर्व में जारी तनाव अब और गंभीर हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनी के तुरंत बाद ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमला कर दिया, जिससे हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं।

गुरुवार को ईरान की ओर से इजराइल पर कई मिसाइलें दागी गईं। यह हमला उस समय हुआ जब ट्रंप ने अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में ईरान को तत्काल युद्ध रोकने और समझौता करने की चेतावनी दी थी। इजराइली सेना के मुताबिक, मिसाइलों को समय रहते पहचान लिया गया और उन्हें रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए। सेना ने यह भी बताया कि तीन घंटे के भीतर यह तीसरी बार मिसाइल हमला हुआ।

हमले के बाद इजराइल के उत्तरी क्षेत्रों में सायरन बजने लगे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी बड़े नुकसान या हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है।

ट्रंप ने अपने संबोधन में ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर जल्द समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका सख्त सैन्य कार्रवाई करेगा। उन्होंने यहां तक कहा कि ईरान को “स्टोन एज” तक पहुंचा दिया जाएगा।

यह संघर्ष 28 फरवरी से शुरू हुआ माना जा रहा है, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं।

ट्रंप ने यह भी कहा कि आने वाले दो से तीन हफ्तों में अमेरिका अपने सैन्य लक्ष्य पूरे करने के लिए बड़ा कदम उठा सकता है। उन्होंने संकेत दिए कि जरूरत पड़ने पर ईरान के अहम ढांचों, जैसे बिजली संयंत्रों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

मौजूदा हालात को देखते हुए मिडिल ईस्ट में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ती जा रही है।