छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव और बेमेतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, दुर्ग और धमतरी जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी अपनी फसलों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
अचानक बदले इस मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए सभी से सावधानी बरतने की अपील की गई है।





