#प्रदेश

बस्तर में भूकंप से दहशत: 4.4 तीव्रता के झटके, लोग घरों से बाहर निकले

Advertisement Carousel

 

जगदलपुर। जगदलपुर सहित पूरे बस्तर संभाग में शनिवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 11:31 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई।

शहर के कई इलाकों, खासकर आडावाल में लोगों ने झटकों को स्पष्ट रूप से महसूस किया। अचानक आए कंपन से घबराकर कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, हालांकि झटके कुछ ही सेकंड तक रहे, जिससे प्रतिक्रिया देने का ज्यादा समय नहीं मिला।

ओडिशा के कोरापुट में था भूकंप का केंद्र

सीस्मोलॉजी रिपोर्ट के अनुसार भूकंप का केंद्र कोरापुट में था, जो बस्तर से लगभग 80 किलोमीटर दूर है। भूकंप की गहराई करीब 5 किलोमीटर बताई गई, जिसकी वजह से झटके हल्के से मध्यम स्तर के महसूस हुए।

नुकसान की कोई सूचना नहीं

अब तक इस भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि झटकों से लोगों में डर का माहौल जरूर बन गया।

पहले भी आ चुके हैं झटके

विशेषज्ञों के अनुसार, पहले बस्तर और आसपास के क्षेत्रों को भूकंप मुक्त माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहां हल्के भूकंप के झटके महसूस किए जाने लगे हैं। अप्रैल 2024 में भी इसी क्षेत्र में 2.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

फिलहाल वैज्ञानिकों का मानना है कि इस क्षेत्र में भूकंप की तीव्रता कम रहती है, इसलिए बड़े नुकसान की संभावना कम है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।