#राष्ट्रीय

भाजपा स्थापना दिवस: यूसीसी और ‘एक देश-एक चुनाव’ पर आगे बढ़ेगा मिशन,पीएम मोदी ने बताया आगे का प्लान

Advertisement Carousel

 

दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का अगला फोकस समान नागरिक संहिता और एक देश-एक चुनाव जैसे अहम मुद्दों पर रहेगा। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहा कि भाजपा हर चुनौती का ईमानदारी से सामना कर रही है और आगे भी करती रहेगी, साथ ही इन विषयों पर देश में गंभीर चर्चा चल रही है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपातकाल से लेकर कांग्रेस शासन के दौर तक दमन सहा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में राजनीतिक हिंसा का सामना किया, लेकिन कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र और संगठन के लिए अपना जीवन तक बलिदान कर दिया।

पीएम मोदी ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि औपनिवेशिक दौर के सैकड़ों कानूनों को खत्म किया गया, नए संसद भवन का निर्माण हुआ, गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया, तीन तलाक पर कानून बनाया गया, नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू किया गया और राम मंदिर अयोध्या का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी का मिशन अभी भी जारी है और आगे भी ऐसे कई बड़े फैसले लिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने 1984 के राजनीतिक दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस का वर्चस्व था, लेकिन बाद में जनता का भरोसा भाजपा में बढ़ा और पार्टी धीरे-धीरे मजबूत होती गई। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में दो विचारधाराएं सामने आईं—एक सत्ता-केंद्रित और दूसरी सेवा-केंद्रित, जिसमें भाजपा ने हमेशा सेवा को प्राथमिकता दी।

इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से मिली प्रेरणा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी मार्गदर्शन में भाजपा ने एक मजबूत और समर्पित कैडर तैयार किया, जिसने संगठन को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।