#प्रदेश #राष्ट्रीय

कफ सिरप मामला : 39 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल, 45 करोड़ की संपत्ति जब्त, मुख्य आरोपी शुभम पर कुर्की की तैयारी

Advertisement Carousel

 

वाराणसी। वाराणसी में कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 39 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में पेश की है। इस मामले में अब तक 30 आरोपियों की लगभग 45 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। वहीं, गिरोह का सरगना शुभम जायसवाल अभी फरार है और उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह मामला 15 नवंबर 2025 को दर्ज हुआ था, जिसकी जांच करीब 142 दिनों तक चली। औषधि निरीक्षक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुभम जायसवाल, उसके पिता और अन्य साथियों सहित कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच के दौरान गिरोह के नेटवर्क का विस्तार उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक पाया गया।

रोहनिया क्षेत्र में एक जिम को गोदाम बनाकर वहां से 500 से अधिक पेटी कफ सिरप बरामद की गई थी। पुलिस ने इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है।

अदालत ने शुभम जायसवाल को दूसरी बार भगोड़ा घोषित किया है। उसके खिलाफ पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है, और उसके दुबई में छिपे होने की आशंका है। यदि वह जल्द गिरफ्तार नहीं होता, तो अदालत के आदेश पर उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।

पुलिस का कहना है कि चार्जशीट में पूरे तस्करी नेटवर्क, आरोपियों की भूमिका और सबूतों का विस्तृत विवरण शामिल है। अब इस मामले में अदालत में मजबूत पैरवी कर आरोपियों को सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।