#प्रदेश

भिलाई स्टील प्लांट में टरबाइन हॉल में आग, सात मजदूर घायल,मचा हड़कंप

Advertisement Carousel

 

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के पीबीएस-2 टरबाइन हॉल में सुबह करीब दस बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, आग के कारण सात श्रमिक घायल हो गए हैं।

सूचना मिलते ही प्लांट में तैनात आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग टरबाइन में ब्लास्ट के बाद फैल गई। कई कर्मचारी अपनी जान बचाकर पीछे के रास्ते से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कुछ की चपेट में आ गए।

आग लगने से पीबीएस-2 में बिछाई गई केबल और वायर जलकर खाक हो गई। घायलों को तुरंत पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जाएगा और घटना के हर पहलू की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।