विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय में वॉकथॉन का सफल आयोजन

बिलासपुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर, एसईसीएल (SECL) के चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसईसीएल मुख्यालय में एक उत्साहपूर्ण वॉकथॉन का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर, निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, और निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और अपने प्रेरक संदेशों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि मानव शरीर ईश्वर का एक अनमोल उपहार है और स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है।
इस वर्ष की थीम, “स्वास्थ्य के लिए एकजुट। विज्ञान के साथ खड़े हों।” (Together for Health. Stand with Science.) के अनुरूप, कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और स्वस्थ जीवन शैली व फिटनेस के बारे में जागरूकता फैलाई।
कार्यक्रम की शुरुआत एसईसीएल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता और अच्छे स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान, सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वास्थ्य शपथ’ ली, जिसमें उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वॉकथॉन में लगभग 200 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्साह बढ़ाने के लिए, प्रतिभागियों के बीच विश्व स्वास्थ्य दिवस की टी-शर्ट और बैज भी वितरित किए गए।
वॉकथॉन को सभी अतिथियों द्वारा एसईसीएल मुख्यालय में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वाकथान में लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय की गयी जिसका समापन वसंत विहार स्थित रवींद्र भवन में हुआ।
यह कार्यक्रम ऊर्जा, उत्साह और जागरूकता के प्रतीक के रूप में संपन्न हुआ, जो एक स्वस्थ कार्यबल और एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एसईसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”स्वास्थ्य की दिशा में उठाया गया हर कदम एक बेहतर भविष्य की ओर एक कदम है।”





